Please wait

मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर उप्र के 25 करोड़ लोगों तक पहुंचेगी भाजपा

पार्टी बूथ स्तर तक पहुंचेंगी। रैलियां और सभाएं होंगी। इसके लिए भाजपा क्षेत्र से लेकर मण्डल स्तर पर बैठक कर रणनीति तैयार की जाएगी।

17 May 2023

मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर उप्र के 25 करोड़ लोगों तक पहुंचेगी भाजपा

लखनऊ। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के 30 मई को नौ वर्ष पूरे होने के अवसर को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी उत्सव के रूप में मनाएगी। यह उत्सव कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ नहीं बल्कि जनता के बीच जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिना कर मनाया जाएगा। विभिन्न प्रकार के अभियान चलेंगे। पार्टी बूथ स्तर तक पहुंचेंगी। रैलियां और सभाएं होंगी। इसके लिए भाजपा क्षेत्र से लेकर मण्डल स्तर पर बैठक कर रणनीति तैयार की जाएगी।

मोदी सरकार के सफलतम 09 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 30 मई से 30 जून तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। जनसम्पर्क का अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर 17 मई बुधवार को नोएडा में पश्चिम क्षेत्र की बैठक हो रही है। इस बैठक का उद्घाटन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी करेंगे। समापन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह समापन करेंगे। वाराणसी में काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह शामिल हो रहे हैं। ब्रज व गोरखपुर क्षेत्र की बैठक 18 मई को, कानपुर और अवध क्षेत्र की बैठक 19 मई को आयोजित होगी।

अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक लोकसभा में जनसभाएं आयोजित की जायेंगी। जिला स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। प्रबुद्ध सम्मेलन में अधिवक्ता, डाक्टर, शिक्षक, साहित्यकार सहित प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही व्यापारी सम्मेलन भी आयोजित किए जायेंगे। प्रत्येक लोकसभा में सोशल मीडिया वालंटियर सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अन्तर्गत युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा व अल्पसंख्यक मोर्चा संयुक्त रूप से सम्मेलनों का आयोजन करेंगे। ये सम्मेलन विधानसभा स्तर पर होंगे। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा में लाभार्थियों के सम्मेलन आयोजित करने की भी योजना बनाई है। लाभार्थी सम्मेलनों में केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिक शामिल होंगे।

प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि अभियान की तैयारियों को लेकर सभी क्षेत्रों में क्षेत्रीय कार्यसमिति सम्पन्न होने के बाद 20 व 21 मई को जिला कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। जिला कार्यसमिति की बैठक में जिला पदाधिकारियों, जिला कार्यसमिति सदस्यों, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्षों सहित विशेष रूप से सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सहित जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी क्रम में मंडल कार्यसमिति की बैठकें 22, 23 व 24 मई के मध्य सम्पन्न होंगी। इसमें विधायक, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।

Ad Image
Comments

No comments to show. Log in to add some!

Other Relevant Stories







Download The Taaza Tv App Now to Stay Updated on the Latest News!


play store download
app store download
app img


Breaking News